कोरोना वायरस के मद्देनजर देशव्यापी लॉकडाउन के बीच नोएडा पुलिस ने सेक्टर 105 में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया है। कॉल सेंटर के मालिक सहित चार लोग अभी फरार हैं।
अपर पुलिस उपायुक्त रणविजय सिंह ने बताया कि गुरुवार देर रात को थाना सेक्टर-39 पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-105 के सी- 213 स्थित मकान में एक फर्जी कॉल सेंटर चल रहा है।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से जुगल शेट्टी, निखिल शेट्टी, तौफीक, हिमेश दाडीकर, एडवर्ड गोम्स, सैफ सैयद, गणेश ओमप्रकाश को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि कॉल सेंटर के संचालक सहित चार लोग अभी फरार हैं।
रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने पकड़े गए लोगों के पास से 25 डेस्कटॉप, हेडफोन, ब्रॉडबैंड, वाईफाई का राउटर और 75 आधार कार्ड आदि बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि ये लोग वायस ओवर आई पी (वीओआईपी) के माध्यम से विदेशी लोगों से बात करते थे।
उन्होंने बताया कि ये विदेशी लोगों को विभिन्न बातों का डर दिखाकर उन्हें धमकाते थे तथा उनसे अपने खातों में रकम ट्रांसफर करवा लेते थे। अपर आयुक्त उपायुक्त ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस छापे मार रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.