
आगरा शहर में गुरुवार को कोरोना संक्रमित 14 वर्षीय किशोर और 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दोनों का उपचार सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। इनके अलावा कमला नगर के मिठाई कारोबारी की दो मई को हुई मौत के बाद लिए गए सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे मृतक संख्या 21 हो गई है।
टेढ़ी बगिया निवासी 14 वर्षीय किशोर को एक महीने से पीलिया था। दो निजी अस्पतालों में उपचार चला। ठीक न होने पर एसएन ले जाया गया था। बल्केश्वर की महिला को गुर्दे की बीमारी थी।
तीन दिन पहले निजी अस्पताल में डायलिसिस हुई थी। वहां से एसएन भेजा गया। एसएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना उपचार के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष गौतम ने बच्चे और महिला की मौत की पुष्टि की है।
वहीं दो मई को दम तोड़ने वाले कमला नगर के 72 वर्षीय मिठाई कारोबारी के बेटे ने बताया कि मृत्यु के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज में सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर परिजनों को क्वारंटीन किया गया है।
एंटी रोमियो स्कवैड में तैनात सिपाही के संक्रमित होने की जानकारी भी मृत्यु के बाद आई थी। बुधवार को संक्रमित रोडवेजकर्मी की भी जान गई थी। अब आगरा में मृतक संख्या 21 हो गई है। मृतकों में सबसे कम उम्र टेढ़ी बगिया के किशोर की ही है। इससे पहले 25 साल के युवक ने दम तोड़ा था।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.