आगरा : एक दिन में तीन संक्रमितों की मौत, 11 नए मरीज मिले, अब तक 678 - Agra Media

Breaking

मुख्य समाचार

गुरुवार, 7 मई 2020

आगरा : एक दिन में तीन संक्रमितों की मौत, 11 नए मरीज मिले, अब तक 678

आइसोलेशन वार्ड
यूपी के आगरा में कोरोना वायरस का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। गुरुवार को कोरोना संक्रमित 14 वर्षीय किशोर, 65 वर्षीय महिला और 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। तीनों का उपचार एसएन (सरोजिनी नायडू) मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। पहली बार एक दिन इतनी मौतें हुई हैं। 

इनके अलावा कमला नगर के मिठाई कारोबारी की दो मई को हुई मौत के बाद लिए गए सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे मृतक संख्या 22 हो गई है। एसएन मेडिकल कॉलेज में कोरोना उपचार के नोडल अधिकारी डॉ. आशीष गौतम ने तीनों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, गुरुवार को 11 मरीज मिलने के बाद आगरा में संक्रमितों की संख्या 678 पहुंच गई।
टेढ़ी बगिया निवासी 14 वर्षीय किशोर को एक महीने से पीलिया था। दो निजी अस्पतालों में उपचार चला। ठीक न होने पर एसएन ले जाया गया था। बल्केश्वर की महिला को गुर्दे की बीमारी थी। तीन दिन पहले निजी अस्पताल में डायलिसिस हुई थी। वहां से एसएन भेजा गया था। अशोक नगर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ के कारण वेंटिलेटर पर रखा गया था। 
सांस की बीमारी से जूझ रहे थे वरिष्ठ पत्रकार
एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने वरिष्ठ पत्रकार की मृत्यू का कारण उन्हें सांस की बीमारी बताया है। कोरोना होने पर यह और बढ़ गई। सांस लेने में तकलीफ होने लगी। यह इतनी बढ़ी कि वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। गुरुवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।

उन्हें पहले क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। तबीयत बिगड़ने पर एसएन मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां आइसोलेशन वार्ड में उनका उपचार चल रहा था। बुधावर को तबीयत काफी बिगड़ गई थी। डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि गुरुवार को वेंटिलेटर पर ही उन्होंने आखिरी सांस ली।

उधर, दो मई को दम तोड़ने वाले कमला नगर के 72 वर्षीय मिठाई कारोबारी के बेटे ने बताया कि  मृत्यु के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज में सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर परिजनों को क्वारंटीन किया गया है।
एंटी रोमियो स्कवैड में तैनात सिपाही के संक्रमित होने की जानकारी भी मृत्यु के बाद आई थी। बुधवार को संक्रमित रोडवेजकर्मी की भी जान गई थी। अब आगरा में मृतक संख्या 22 हो गई है। मृतकों में सबसे कम उम्र टेढ़ी बगिया के किशोर की ही है। इससे पहले 25 साल के युवक ने दम तोड़ा था।

बुखार आने पर जांच कराई तो कोरोना निकला

कोरोना के नए 11 मरीजों में से चार ऐसे हैं जिन्होंने बुखार आने पर जांच के लिए सैंपल दिया। रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनके अलावा एक और गर्भवती महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। नौ में पहले हो चुकी है।

ताजगंज का 32 वर्षीय युवक 20 अप्रैल को दिल्ली से लौटा था। उसे बुखार आया और फिर सांस लेने में दिक्कत होने लगी। एसएन मेडिकल कॉलेज में सैंपल देने के लिए गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
जगदीशपुरा क्षेत्र निवासी 46 वर्षीय व्यक्ति भी तेज बुखार आने पर एसएन मेडिकल कॉलेज गया था। वहां चार मई को सैंपल लिया गया। उसके संपर्क में आए युवक को भी तेज बुखार था। वह भी संक्रमित मिला है। एसएन मेडिकल कॉलेज भर्ती बोदला की गर्भवती महिला में भी कोरोना की पुष्टि हुई है।

पिछले सात दिनों में 30 फीसदी से ज्यादा मामले ऐसे हैं जिन्हें बुखार या खांसी होने पर वे सैंपल देने के लिए गए। गुरुवार को भी ऐसे 10 से ज्यादा लोगों ने खुद जिला अस्पताल और एसएन मेडिकल कॉलेज जाकर सैंपल दिए हैं। गर्भवती महिलाओं के प्रसव से पहले चिकित्सक कोरोना टेस्ट करा रहे हैं। इसमें चार दिन में ही दस पॉजिटिव मिल चुकी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी: केवल इस ब्लॉग का सदस्य टिप्पणी भेज सकता है.